देहरादून। यू टर्न फाउंडेशन ने अपने ग्रीन इम्पैक्ट मिशन के अंतर्गत तैयार “ऑपरेशन ऋषिपर्णा” नागरिक डोज़ियर आज देहरादून के माननीय महापौर को प्रस्तुत किया। इससे पूर्व यह डोज़ियर जिला प्रशासन को भी सौंपा जा चुका है।
ग्रीन इम्पैक्ट इंटर्न्स द्वारा किए गए फील्ड अध्ययन, नागरिक सहभागिता एवं शोध पर आधारित इस डोज़ियर में ऋषिपर्णा नदी की वर्तमान स्थिति, प्रदूषण के प्रमुख कारणों तथा नदी पुनर्जीवन हेतु व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए गए हैं।
ग्रीन इम्पैक्ट टीम की ओर से रिज़ा खान, खुशबू चौहान एवं अंगद चौधरी ने महापौर के समक्ष डोज़ियर प्रस्तुत कर उसके प्रमुख निष्कर्षों एवं सुझावों की जानकारी दी। इस अवसर पर यू टर्न फाउंडेशन की कोर टीम से नुकुल वर्मा, अधिवक्ता संजय डिमरी एवं अतुल नेगी भी उपस्थित रहे।
यू टर्न फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष हेमंत नव कुमार ने कहा कि “क्लीन सुसवा रिवर ड्राइव से लेकर ऑपरेशन ऋषिपर्णा तक हमारी यात्रा जनभागीदारी, वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
फाउंडेशन के सचिव एडवोकेट प्रभात बर्थवाल ने कहा कि “ग्रीन इम्पैक्ट मिशन ने युवाओं को शोध आधारित नागरिक सहभागिता का सशक्त मंच प्रदान किया है। हम प्रशासन एवं समाज के साथ मिलकर ऋषिपर्णा नदी के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य करते रहेंगे।”
यू टर्न फाउंडेशन ने जानकारी दी कि 30 जुलाई 2026 को उत्तराखण्ड प्रेस क्लब, देहरादून में “ऑपरेशन ऋषिपर्णा” पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी जिसमें ग्रीन इम्पैक्ट इंटर्न्स नागरिक डोज़ियर के प्रमुख निष्कर्ष एवं सुझाव मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।