उत्तराखण्ड

हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों का घर-घर सत्यापन, पात्र मतदाताओं पर फोकस

गोपेश्वर (चमोली)। मतदाता सूची से कोई पात्र नागरिक बाहर न रह जाए, इसके लिए चमोली जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हटाई गई मतदाता प्रविष्टियों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं के घरों तक पहुंच रहे हैं। अभियान में पात्र मतदाताओं की पहचान और युवाओं के नए पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

बदरीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत हटाई गई प्रविष्टियों का पुनः सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान संबंधित मतदाताओं की स्थिति की जानकारी जुटाने के साथ यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से बाहर न रहे। वहीं, अपात्र प्रविष्टियों की पहचान और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन का लक्ष्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को सत्यापन कार्य गंभीरता से और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

युवाओं को पंजीकरण के लिए कर रहे जागरूक

सत्यापन के साथ पहली बार मतदान के पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए फार्म-6 के माध्यम से नया नाम दर्ज कराने, फार्म-7 से नाम हटाने और फार्म-8 के जरिए नाम, पता सहित अन्य प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

स्वीप के जरिए मतदान के महत्व का संदेश

जिले में मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत भी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी जा रही है।

Related posts

नैनीताल की घटना पर सख्त हुए मुख्यमंत्री धामी, बोले- देवभूमि की अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

उत्तराखंड पुलिस के निलंबित सिपाही शेर सिंह के तथाकथित “इस्तीफे” को लेकर उठे सवाल; आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने बताया कि सस्पेंड था कांस्टेबल, गैंगस्टर कनेक्शन पर STF ने की थी कार्रवाई

10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक हासिल करने वाले परीक्षार्थियों की माता को किया जाएगा सम्मानित, कमला नेहरू पुरस्कार के साथ मिलेगा चैक

Leave a Comment