- देवभूमि माटी गौरव सम्मान समारोह: संस्कृति और प्रतिभाओं के महाकुंभ में चमके उत्तराखंड के सितारे
देहरादून। संस्कृति जागरण मंच, उत्तराखंड प्रांत की ओर से संस्कृति विभाग के सभागार में “देवभूमि माटी गौरव सम्मान समारोह-2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, खेल, समाजसेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, पत्रकारिता, उद्यमिता और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखंड की माटी, संस्कृति और समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं। सम्मान मिलने से व्यक्ति की जिम्मेदारी भी बढ़ती है और वह समाज तथा अपनी संस्कृति के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होता है।

विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने भी देवभूमि माटी गौरव सम्मान की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा संस्कृति और समाज के सम्मान में किया जा रहा यह प्रयास आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने उत्तराखंड की लोकभाषा, लोककला और लोकसंस्कृति को आगे बढ़ाने वाले प्रयासों की प्रशंसा की।

इन विभूतियों को मिला देवभूमि माटी गौरव सम्मान
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए—
- रामेश्वरी भट्ट — पौराणिक जागर गायन
- नंदलाल भारती — लेखन
- राघवी बिष्ट — खेल
- डॉ. महेश कुड़ियाल — स्वास्थ्य सेवा
- मीना राणा — लोक गायन
- डी.एस. पंवार — समाज सेवा
- रेखा धस्माना उनियाल — लोक गायन
- मनीष सिंह रावत — भारतीय खेल जगत
- डॉ रेशमा शाह — लोक गायन
- धर्मेश नौटियाल — धर्म एवं संस्कृति
- शशि रतूड़ी — महिला उद्यमिता
- यूवी नेगी — छायांकन
- मिनी उनियाल — अभिनय
- सौरभ मैठाणी — लोक गायन
- आरती रावत — ब्लॉगिंग
- डॉ. सोनी — पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्ष मित्र
- सुभाष रतूड़ी — पारंपरिक भोजन एवं “मंडुवा किंग”
- ललित गित्यार — संगीत
- सतपाल — काव्य लेखन के क्षेत्र में
- अज्जू तोमर — जौनसारी लोक गायन
- डॉ. ममता कुंवर — काव्य एवं साहित्य
- अवधेश नौटियाल — पत्रकारिता
- मोहन नेगी— समाजसेवा
- पोल खोल बहुगुणा—डिजिटल मीडिया
सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली अनेक प्रतिभाओं को “देवभूमि माटी गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और लोककला की मनोहारी झलक भी देखने को मिली। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों एवं गायकों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा सभागार देवभूमि की लोकधुनों से गूंज उठा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्योति प्रकाश पंत ने की, जबकि कार्यक्रम संयोजक दीपक कैतुरा रहे। सलाहकार मंडल में कांता प्रसाद, विजय पंत ‘पंत दीदा’ व भरत राणा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन योगंबर पोली एवं प्रवक्ता विजय पंत ने प्रभावशाली ढंग से किया।

समारोह में उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी अनेक सम्मानित विभूतियों, कलाकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, पत्रकारों और संस्कृति प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

संस्कृति जागरण मंच, उत्तराखंड प्रांत की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों से आयोजित यह समारोह केवल सम्मान का मंच नहीं, बल्कि उत्तराखंड की माटी, बोली-भाषा, संस्कृति प्रतिभाओं को सम्मान देने तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक सार्थक और प्रेरणादायी अभियान बनकर सामने आया।