उत्तराखण्ड

भाजपा घर-घर रिपोर्ट कार्ड नहीं, 12 साल के अधूरे वादों का हिसाब लेकर जाए : गणेश गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र की भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा द्वारा घर-घर रिपोर्ट कार्ड पहुंचाने के अभियान को “आधा सच और पूरा प्रचार” करार देते हुए कहा कि यदि भाजपा वास्तव में जनता के बीच जाना चाहती है तो उसे अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ बीते 12 वर्षों के अधूरे वादों, विफलताओं और जनता से किए गए वादाखिलाफी का भी पूरा हिसाब देना चाहिए।

गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। 12 वर्षों में करोड़ों युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था, लेकिन आज बेरोजगारी गंभीर समस्या बनी हुई है। उत्तराखंड जैसे राज्यों में भर्ती घोटालों ने युवाओं के भविष्य पर गहरा आघात पहुंचाया है। भाजपा को बताना चाहिए कि रोजगार के उसके वादों का क्या हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को घर-घर जाकर यह भी बताना चाहिए कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आखिर कहां खो गया। उत्तराखंड वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों की भूमि है, ऐसे प्रदेश में अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं और उनके परिवारों में अनेक सवाल हैं। सरकार को इन सवालों का जवाब भी जनता के सामने रखना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि “हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज में सफर करेगा” जैसे दावे करने वाली सरकार के कार्यकाल में आम आदमी रेल और बस यात्रा के बढ़ते खर्च से परेशान है। सांसद आदर्श ग्राम योजना तथा 100 स्मार्ट सिटी जैसे बड़े-बड़े वादे भी धरातल पर अपेक्षित रूप में दिखाई नहीं देते।

गोदियाल ने कहा कि भाजपा का रिपोर्ट कार्ड तब ही पूर्ण माना जाएगा जब उसमें बढ़ती महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े सवाल, मजदूरों की समस्याएं तथा बढ़ती आर्थिक असमानता का भी उल्लेख हो। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मंदिरों से सोना चोरी होने जैसी घटनाओं पर भी सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का उत्तर जनता को मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा ने बड़े-बड़े सपने दिखाकर जनता से समर्थन प्राप्त किया, लेकिन आज देश का युवा रोजगार मांग रहा है, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य मांग रहा है, महिलाएं सुरक्षा और सम्मान की मांग कर रही हैं तथा आम आदमी महंगाई से राहत चाहता है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार के पास जवाब कम और प्रचार अधिक दिखाई देता है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा को केवल अपनी उपलब्धियों का चयनित ब्योरा नहीं, बल्कि पिछले 12 वर्षों का संपूर्ण रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। जनता जानना चाहती है कि अच्छे दिनों का वादा कहां गया, रोजगार क्यों नहीं मिले, किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई और महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि देश की जनता अब जुमलों और विज्ञापनों से आगे बढ़ चुकी है। जनता सवाल पूछ रही है और लोकतंत्र में इन सवालों का जवाब भी जनता ही समय आने पर देगी।

Related posts

सीएम धामी ने चयनित सहायक लेखाकारों को प्रदान किये नियुक्ति पत्र

शहरी विकास मंत्री ने की स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों की समीक्षा

गुलदार के लगातार हो रहे हमलों को लेकर सीएम धामी गंभीर, वन विभाग के अधिकारियों को दिये ये निर्देश

Leave a Comment